हरदत्तनगर गिरंट में लगे मेले में लगी भीड़।- संवाद
गिरंट बाजार। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बृहस्पतिवार को हरदत्त नगर गिरंट गांव में मेले का आयोजन किया गया। मेले में 10 हजार से अधिक लोग पहुंचे और चाट-पकौड़ी का आनंद लिया। सबसे ज्यादा उत्साह बच्चों में देखने को मिला। बच्चों ने मेले में लगे झूलों का जमकर लुत्फ उठाया।
जमुनहा विकासखंड की ग्राम पंचायत हरदत्त नगर गिरंट में हर साल की भांति बृहस्पतिवार को भव्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में तराई के साथ-साथ पड़ोसी जिला बहराइच के दुकानदारों ने भी दुकानें सजाईं, लोगों ने जमकर खरीदारी की।
महिलाओं ने जहां घरेलू इस्तेमाल की वस्तुएं कढ़ाई, बेलन, थाली, चाकू आदि की खरीदारी की, तो वहीं बच्चों ने तरह-तरह के खिलौने खरीदे। मेले में जगह-जगह लगी चाट-पकौड़ी की दुकानों पर भी भारी भीड़ दिखी और मेलार्थियों ने जमकर चाट-पकौड़ी का आनंद लिया।
सबसे ज्यादा भीड़ जलेबी व खाझे की दुकानों पर दिखी। बच्चों में सबसे ज्यादा उत्साह झूलों को लेकर रहा। कुछ बच्चों ने जहां ट्रेन की सवारी की, तो कइयों ने मिकी माउस झूले का लुत्फ उठाया। पुरुषों व महिलाओं में भी झूलों को लेकर उत्सुकता दिखी और उन्होंने भी झूलों का आनंद लिया।
मेला देर शाम तक जारी रहा। मेले में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम देखने को मिले। थाना प्रभारी महिमानाथ उपाध्याय टीम के साथ दिन भर मेले में भ्रमण करते रहे।