श्रावस्ती। मौसम की बेरुखी से लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। बुधवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा के आपातकालीन वार्ड में डायरिया से पीड़ित पांच बच्चों को भर्ती किया गया। बाह्य रोगी विभाग में भी उल्टी-दस्त के मरीजों की लंबी कतारें देखी गईं। कुल लगभग 879 मरीज अस्पताल पहुंचे। भर्ती हुए बच्चों में ग्राम पटना निवासी उमेश (10), मुड़फोरवा निवासी गीता (12), बैरियाकुंडी निवासी मिथुन (8), बौरिहवा निवासी साबितराम (15) और तिलकपुर निवासी प्रेमा देवी (17) शामिल हैं।
लू से बचाव ही समझदारी
संयुक्त जिला चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ध्रुव कुमार मिश्रा ने बताया कि बच्चों को गर्मी से बचने के लिए अभिभावकों को सचेत होना आवश्यक है। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बच्चों को घर के बाहर न निकलने दें। थोड़ी-थोड़ी देर में सत्तू का घोल, नींबू पानी, नारियल पानी सहित अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। दिन में कम से कम चार से पांच लीटर पानी अवश्य पिएं। अधिक तेल मसाला वाले खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। उन्होंने कहा कि उल्टी, दस्त, पेट दर्द, चक्कर आदि की समस्या होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए, जिससे समय पर उपचार शुरू हो सके।