श्रावस्ती। बैंक शाखाओं व ग्राहक सेवा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था जांचने के लिए जिला पुलिस की ओर से गुरुवार को विशेष अभियान चलाया गया। एसपी के निर्देश पर पुलिस कर्मियों ने थाना क्षेत्र में पैदल गश्त कर बैंक शाखाओं व ग्राहक सेवा केंद्रों की जांच की। इस दौरान वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया।
पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य के निर्देश पर गुरुवार को सभी थाना व चौकी प्रभारियों ने बैंक शाखाओं की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे के नेतृत्व में सिरसिया पुलिस ने बैंक शाखाओं की जांच की। वहीं सीओ हौसला प्रसाद के नेतृत्व में लक्ष्मण नगर चौकी पुलिस ने जांच की।
प्रभारी निरीक्षक भिनगा देवेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस व दद़्दन सिंह के नेतृत्व में मल्हीपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र में पड़ने वाली बैंक शाखाओं व ग्राहक सेवा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बैंक में लगे सीसीटीवी, सायरन व संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की जांच की।
वहीं गिलौला में बृजेश दुबे व इकौना में अनिल दीक्षित तथा सोनवा में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने बैंक शाखाओं में जाकर जांच की। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने बैंक में उपस्थित लोगों को सुरक्षा की जानकारी देकर जागरूक रहने के लिए प्रेरित भी किया। वहीं पुलिस कर्मियों ने लोगों को कोरोना से बचाव के टिप्स भी दिए।