श्रावस्ती। बैंकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। एसपी के निर्देश पर पुलिस कर्मियों ने थाना क्षेत्र में पैदल गश्त कर बैंकों व ग्राहक सेवा केंद्रों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को दिशा-निर्देश भी दिया।
पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को सभी थाना व चौकी प्रभारियों द्वारा बैंक जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे के नेतृत्व में सिरसिया पुलिस ने बैंक शाखाओं में जांच की। वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर हौसला प्रसाद के नेतृत्व में लक्ष्मनपुर चौकी पुलिस ने भी बैंक परिसर में जांच की।
प्रभारी निरीक्षक भिनगा देवेंद्र पांडे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस व दद्दन सिंह के नेतृत्व में मल्हीपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र के बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था जांची। इस दौरान उन्होंने आसपास, अंदर व बाहर सघन जांच कर बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे, सायरन व संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की जांच की। वहीं क्षेत्राधिकारी इकौना तारकेश्वर पांडे के नेतृत्व में स्थानीय चौकी पुलिस ने इकौना कस्बे के बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे, सायरन व संदिग्ध व्यक्तियों सहित वाहनों की जांच की।
इस दौरान पुलिस कर्मियों ने बैंक में उपस्थित लोगों से बैंक आने का कारण पूछा, इसके साथ ही उन्हें सुरक्षा की जानकारी देकर जागरूक रहने के लिए प्रेरित भी किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने मौजूद लोगों को कोरोना वायरस से सुरक्षा एवं बचाव के टिप्स भी बताए।