श्रावस्ती। पुलिस कार्यालय सभागार में शनिवार शाम एसपी ने सैनिक सम्मेलन किया। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था व अपराध नियंत्रण के लिए समीक्षा भी की। इसमें एसपी ने कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त बनाने व इसमें लापरवाही बरतने वालों को प्रभार मुक्त करने की चेतावनी दी।
सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने विभिन्न थानों एवं प्रकोष्ठों से आए पुलिस कर्मियों से उनका परिचय प्राप्त कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इसके साथ संबंधितों को शिकायतों के निराकरण का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराध समीक्षा की।
इसमें उन्होंने कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन व बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण लगाने का निर्देश दिया। चोरी व लूट की घटनाओं की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने को कहा। लंबित जन शिकायत एवं आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों की गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से निपटारा करने का निर्देश दिया।
बैंक व लेनदेन वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों का फोटो लेने तथा प्रतिदिन बैंक ड्यूटी में जाने वाले कर्मचारियों को ड्यूटी के संबंध में ब्रीफ करने को कहा। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा सभी छोटी से छोटी बातों का संज्ञान लेने का निर्देश दिया।
सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के साथ साथ डिजिटल वालेंटियर ग्रुप को अपडेट कर उनके साथ नियमित मीटिंग कर उनका सहयोग लेने को कहा। एसपी ने लंबित विवेचनाओं का निपटारा करने, वांछित अभियुक्तों, जिलाबदर, एनबीडब्ल्यू अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए।
मार्ग दुर्घटनाओं को रोकने, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने व अतिक्रमण हटवाने के संबंध में सभी थाना प्रभारी सहित यातायात प्रभारी को निर्देशित किया। बालिकाओं एवं महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करने, एंटी रोमियो टीम के अभियान को निरंतर जारी रखने, वाहन चेकिंग के दौरान आम जनता से अच्छा बर्ताव करने, आगामी त्यौहार को लेकर सतर्क दृष्टि रखने, भूमि विवाद के मामलों में राजस्व टीम के साथ निष्पक्ष जांच करने का निर्देश दिया। इस दौरान एएसपी बीसी दूबे, सीओ नगर हौसिला प्रसाद, इकौना महेंद्र पाल शर्मा, प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक विनोद कुमार सिंह सहित सभी प्रभारी निरीक्षक, शाखा प्रभारी, पेशकार पुलिस अधीक्षक व पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।