श्रावस्ती। माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की ओर से संस्कृत की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए परीक्षा केंद्र का निर्धारण भी हो चुका है। इस प्रतियोगिता में कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं।
संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की ओर से कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 15 जुलाई को संस्कृत प्रतिभा खोज परीक्षा होगी। इसके लिए चंद्रभान संस्कृत शिक्षण व प्रशिक्षण संस्थान तेंदुआ पंडित कटरा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए 15 अप्रैल से ऑनलाइन पंजीकरण किया जा रहा है जो 20 मई तक चलेगा। डीआईओएस मिथिलेश कुमार ने बताया कि इस दौरान संस्कृत गीत प्रतियोगिता, संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, श्लोक अंताक्षरी प्रतियोगिता, अष्टाध्यायी कंठस्थ पाठ, अमरकोश कंठस्थ पाठ व तर्क संग्रह कंठस्थ पाठ प्रतियोगिता होगी।