श्रावस्ती। गिलौला थाने में शुक्रवार को होली के त्योहार को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता उपजिलाधिकारी इकौना ने की। बैठक में होली के पर्व को नशामुक्त व शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।
गिलौला थाने में आयोजित शांति समिति की बैठक में उपजिलाधिकारी इकौना आरपी चौधरी ने कहा कि होली आपसी प्रेम व सौहार्द को बढ़ावा देने का त्योहार है। ऐसा कोई भी कार्य कदापि न करें जिससे किसी दूसरे को किसी प्रकार की कोई परेशानी हो। ऐसे में आप सभी रंगों के इस महापर्व होली के त्योहार को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में हर संभव प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस क्षेत्राधिकारी महेंद्र पाल शर्मा ने कहा कि होली के हुड़दंग में कोरोना प्रोटोकॉल को कदापि दर किनार न करें। जिन्हें होली के रंग से परहेज है। उन पर कदापि रंग न डालें। यदि कोई व्यक्ति अराजकता फैलाने की कोशिश करें तो इसकी सूचना पुलिस को दें। जिससे समय रहते उस पर कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने के लिए संकल्पवान है। इस दौरान मौजूद लोगों से वार्ता कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। साथ ही त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने व पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति अराजकता फैलाने की कोशिश करें तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दे। जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस मौके पर काफी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य मौजूद रहे।