कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सा कार्ड वितरित करते जनप्रतिनिधि।
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, विधायक रामफेरन पांडेय और सीडीओ शाहिद अहमद ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। दद्दन मिश्रा ने बताया कि इस योजना से उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों को संजीवनी मिली है। शिक्षकों व परिजनों को पांच लाख रुपये तक की निशुल्क चिकित्सा सुविधा मिलेगी। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को यह लाभ पहले ही मिल चुका है। विधायक ने इसे लाभकारी सुविधा बताया। कार्ड मिलने पर शिक्षकों में संतुष्टि और प्रसन्नता दिखी। कार्यक्रम का संचालन जनपदीय नोडल उच्च शिक्षा डॉ. धर्मेन्द्र गुप्त ने किया। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रोफेसर पवन कुमार मौर्य समेत अन्य मौजूद थे।