जमुनहा (श्रावस्ती)। मृतक की जमीन को अपना बताकर बैनामा करने वाले एक जालसाज के साथ ही सब रजिस्ट्रार व बैनामा कराने वाले के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। मल्हीपुर पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया। वहीं सब रजिस्ट्रार की जांच की जा रही है। यह मामला मल्हीपुर थाना अंतर्गत रानीसीर चिरैया का है।
रानीसीर चिरैया निवासी मोलहे पुत्र लालता ने मल्हीपुर पुलिस को शिकायती पत्र दिया था। पत्र के जरिये उसने आरोप लगाया था कि उसके चाचा लालबोझा कोयले पुत्र झगरू की मृत्यु 2018 में हो गई थी।
उसके बाद जमीन का बैनामा अलखराम पुत्र संतराम निवासी रानिसीर ने कोयले के स्थान पर गंगाराम पुत्र भाईलाल को खड़ा करके उनका फोटो व अंगूठा लगाकर रजिस्ट्रार से मिलीभगत कर फर्जी बैनामा करवा लिया है। इस मामले में पुलिस जमीन के खरीदार व विक्रेता के साथ ही बैनामा करने वाले सब रजिस्ट्रार जमुनहा के खिलाफ फ्राड सहित अन्य मामलों में केस दर्ज कर जांच कर रही है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर देवेंद्र पांडे बताते हैं कि जांच के दौरान विक्रेता गंगाराम पुत्र भाईलाल व क्रेता अलखराम पुत्र संतराम निवासी रानीसीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है जबकि सब रजिस्ट्रार चंद्रिका प्रसाद वर्मा की जांच की जा रही है।