सीएमओ कार्यालय से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते सीएमओ।
श्रावस्ती। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय भिनगा में बुधवार को डायरिया रोकथाम कार्यक्रम आयोजित हुआ। सीएमओ ने जागरूकता हेतु प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाई। यह अभियान 25 अगस्त तक चलेगा। सीएमओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि ये वाहन शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को डायरिया के लक्षण, कारण व बचाव की जानकारी देंगे। यह अभियान पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया और केनव्यू के सहयोग से चल रहा है।
इस वर्ष की थीम ''''स्वच्छ जल, समुचित उपचार- डायरिया से बचें हर बार'''' है। स्कूलों में बच्चों को डायरिया से बचाव की जानकारी दी जाएगी। उन्हें ओआरएस व जिंक भी वितरित होंगे। सीएमओ ने बताया कि बारिश व उमस में बच्चा डायरिया की चपेट में कई कारणों से आ सकता है। इसमें दूषित जल पीने से, दूषित हाथों से भोजन बनाने या बच्चे को खाना खिलाने, खुले में शौच करने या बच्चों के मल का ठीक से निस्तारण न करना सहित अन्य कारण प्रमुख है। तीन से अधिक बार दस्त होने पर तत्काल ओआरएस घोल दें और नजदीकी सीएचसी व पीएचसी पहुंचें। इस मौके पर एसीएमओ उदयनाथ, कृष्ण कांत सहित कई अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।