जमुनहा(श्रावस्ती)। जमुनहा बस स्टैंड के निकट सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से सोमवार को यात्रियों को ले जा रही एक प्राईवेट बस टकरा गई। इससे बस में आग लग गई। हालाकि चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। बस में आग लगने से घबराएं यात्रियों ने कूदकर किसी तरह तरह अपनी जांच बचायी। कुछ यात्रियों को ही मामूली चोटे आयी। हादसे के कारण हाई वोल्टेज हो जाने से आस पास के घरों में लगे विद्युत उपकरण भी फूंक गए। इससे आक्रोशित क्षेत्रीय नागरिकों ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध जताते हुए प्रदर्शन भी किया।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के जमुनहा बाजा स्थित प्राईवेट बस स्टैंड के पास सड़क के किनारे विद्युत पोल के साथ एक ट्रांसफार्मर स्थापित है। सोमवार को एक प्राईवेट बस यूपी 40 टी 8773 करीब 50 सवारी लेकर बहराइच से जमुनहा होते हुए संतालिया के लिए सुबह 9.50 बजे चली थी। यह बस जमुनहा बस स्टैंड पर 12.15 बजे पहुंची। इसी दौरान यह बस जमुनहा निवासी विनोद कुमार मिश्रा के घर के सामने लगे ट्रांसफार्मर सेे टकरा गई। बस में आग लगने से हड़कंप मच गया और बस में बैठी सवारियों ने कूद कर किसी तरह अपनी जान बचाई। बस से कूदते समय उसमें सवार बहराइच के थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मनपुर लहसोरवा निवासी लखपता, महसी से नेपाल के बांके जिला जा रही मायादेवी पत्नी शत्रोहन, गुलाहरिया निवासी संजय शर्मा चोटिल हो गए। जिनका इलाज समीप स्थित एक निजी चिकित्सक से करवाया गया।
बस की टक्कर लगने के कारण क्षतिग्रस्त हुए ट्रांसफार्मर में फाल्ट से हाई वोल्टेज हो जाने से आस पास के कई घरों में लगे विद्युत उपकरण भी जल गए। इससे नाराज लोगों ने बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर ट्रांसफार्मर हटाने और नुकसान का मुआवजा दिए जाने की मांग भी की। प्रदर्शनकारियों में संतोष कुमार मिश्रा, लवकुश, विनोद ,रवि मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।