फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shravasti News: अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 20 दुकानें-मकान ध्वस्त

Thu, 21 Aug 2025 01:39 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, श्रावस्ती
विज्ञापन
विज्ञापन
श्रावस्ती। ईदगाह तिराहे से तहसील तक लोक निर्माण विभाग की जमीन पर कब्जा कर बनाई गईं 20 दुकानों व घरों को बुधवार सुबह बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया। सात बुलडोजर और एक पोकलैंड मशीन के साथ पहुंची जिला प्रशासन की टीम ने सुबह पांच बजे से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की, जो शाम तक चली। इसदौरान चार थाना प्रभारी, आठ चौकी प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। ईदगाह से तहसील की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बाधित रहा।
विज्ञापन



ईदगाह तिराहे से तहसील गेट तक स्थित लोकनिर्माण विभाग की नानजेड-ए जमीन पर साल 1980 के बाद से ही धीरे-धीरे कब्जा शुरू हो गया था। वर्ष 2025 तक तीन मंजिलों वाले कई पक्के मकान खड़े हो गए। यहां पक्की मार्केट भी सज गई। इस बारे में कुछ महीने पहले जन सुनवाई पोर्टल पर शिकायत की गई थी।

शिकायत निस्तारण के लिए डीएम अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर सर्वे व नापी की। 85 मीटर तक सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा मिला। इस पर जिला प्रशासन ने सभी के घरों पर नोटिस चस्पा कर भूमि के स्वामित्व व भवन निर्माण के संबंध में अभिलेख मांगे।
विज्ञापन


कोई जवाब देने के बजाय पक्षकारों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। हाईकोर्ट ने 21 जुलाई को आदेश जारी कर जिला प्रशासन को नियमानुसार कार्रवाई का आदेश दिया। इस पर डीएम अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर पक्षकारों को 5-6 अगस्त को एक बार फिर प्रपत्र प्रस्तुत करने का मौका दिया गया, लेकिन किसी ने कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया। इसके बाद बुधवार सुबह जिला प्रशासन की ओर से बुलडोजर से अवैध निर्माण को ध्वस्त करवा दिया गया।



रात भर चला दुकान व घर खाली करने का सिलसिला
बुलडोजर की कार्रवाई से पहले जिला प्रशासन ने सभी कब्जेदारों को उनके घरों व दुकानों में मौजूद सामान हटाने की मोहलत दी। मंगलवार रात पुलिस बल के साथ पहुंचे आला अफसरों ने मुनादी करवाकर सभी को सुबह पांच बजे तक जरूरी सामान हटाने के लिए निर्देशित किया। इसके बाद रात भर दुकानों व घरों को खाली करने का सिलसिला चलता रहा।



चार थाना प्रभारी, आठ चौकी प्रभारी, 30 दरोगा समेत 130 पुलिस कर्मी रहे तैनात
बुलडोजर की कार्रवाई के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने व अप्रिय घटना से निपटने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी केपी मिश्रा, एसडीएम भिनगा, सीओ भिनगा समेत चार थानों के प्रभारी, आठ चौकी प्रभारी, 30 उपनिरीक्षक व 90 सिपाही तैनात रहे। ईओ नगर पालिका अनीता शुक्ला भी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहीं। सात जेसीबी व दो पोकलैंड जहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर रहे थे, तो वहीं 15 ट्रॉलियों व पांच डंपरों की मदद से लगातार मलबे को साफ भी किया जा रहा था।



सड़क होगी चौड़ी, तहसील को मिलेगी पार्किंग
डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि अतिक्रमण मुक्त हुए स्थान पर सड़क को चौड़ा कराया जाएगा, ताकि लोग सुरक्षित सफर तय कर सकें। साथ ही तहसील के बाउंड्रीवाॅल को आगे बढ़वाकर खाली हुए कुछ स्थान को घेरा जाएगा और पार्किंग स्थल बनवाया जाएगा। इससे अधिवक्ताओं व वादियों को पार्किंग की समस्या से छुटकारा मिलेगा।



बेघर लोगों को मुख्यमंत्री आसरा योजना का मिलेगा लाभ
डीएम ने बताया कि कार्रवाई के बाद अगर कोई परिवार ऐसा सामने आता है, जो बेघर हो चुका है, तो उसे आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। कार्रवाई के बाद सर्वे करवाया जाएगा और बेघर होने वाले परिवार को मुख्यमंत्री आसरा योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें