कटरा (श्रावस्ती)। सत्य नारायण उच्च शिक्षा संस्थान तुलसीपुर में पांच दिवसीय बीएड अनिवार्य स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ बुधवार को प्राचार्य डॉ. सर्वजीत वर्मा ने किया।
इस दौरान जिला संगठन कमिश्नर स्काउट रोहित पांडे ने टोली विधि, प्रतिज्ञा, झंडा गीत व प्रार्थना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज में अच्छी भूमिका निभाने के लिए स्काउट गाइड्स खुद को मानसिक व शारीरिक रूप से तैयार करें।
इस दौरान स्काउटिंग गाइडिंग की उत्पत्ति एवं प्रसार , यूनिट लीडर का प्रगतिशील प्रशिक्षण, कैंपिंग, समारोह एवं प्रदर्शन आदि की जानकारी दी गई। इस मौके पर जीवन लाल वर्मा व विनय कुमार चौधरी सहित तमाम स्काउट गाइड मौजूद रहे।
वृद्धावस्था पेंशन के लिए आधार से लिंक कराएं खाता
श्रावस्ती। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित वृद्धावस्था पेंशन के भुगतान के लिए बैंक खाते का आधार से लिंक होना जरूरी है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिले के 4,721 लाभार्थियों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं। जिन्हें आधार से लिंक कराना जरूरी है, अन्यथा पेंशन की धनराशि खाते में नहीं आएगी। कहा, जिन लाभार्थियों के खातों से आधार कार्ड लिंक नहीं है, उसकी सूची संबंधित उपजिलाधिकारी, बीडीओ, वीडीओ, एडीओ पंचायत व पंचायत सहायक के पास उपलब्ध है।