मोहनीपुर तिराहे के निकट दुर्घटना में शामिल स्कूल वाहन।
इकौना / तुलसीपुर (श्रावस्ती)। बौद्ध परिपथ पर मोहनीपुर भट्ठे के निकट मंगलवार को बहराइच की तरफ जा रही स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार भाई की मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके अलावा मोहनीपुर पयागपुर मार्ग स्थित पन्ना खजुरार के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी इकौना लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बहराइच के विशेश्वरगंज क्षेत्र के ग्राम जोकहा निवासी दीपक (18) पुत्र रामगोपाल अपनी बहन सरोज (15) के साथ किसी रिश्तेदारी में गए थे। वहां से मंगलवार को भाई-बहन बाइक से घर लौट रहे थे। इस दौरान बौद्ध परिपथ स्थित इकौना क्षेत्र के मोहनीपुर के निकट भट्ठे के पास बहराइच की ओर जा रही स्कूल बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर तेज होने के कारण बाइक सहित भाई-बहन मार्ग किनारे खेत में जा गिरे। इस दौरान हेलमेट न लगाए होने के कारण दीपक व सरोज गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल बस चालक और उसमें सवार लोग वाहन छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों घायलों को सीएचसी इकौना पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सरोज को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया।
वहीं दूसरी घटना में बहराइच के पयागपुर क्षेत्र अंतर्गत पंडित पुरवा चैसार निवासी राम निवास (21) पुत्र चेतराम दिल्ली में रहते थे। मंगलवार को वह निजी बस से बाइक लेकर घर लौट रहा था। बौद्ध परिपथ स्थित मोहनीपुर तिराहे पर बस से उतरने के बाद वह बाइक से जा रहे थे कि मोहनीपुर-पयागपुर मार्ग स्थित विशेश्वरगंज क्षेत्र के पन्ना खजुरार गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल रामनिवास को एंबुलेंस से सीएचसी इकौना लाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार राम निवास ने भी हेलमेट नहीं पहना था। मौके पर पहुंची इकौना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
सड़क हादसे में दो घायल
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। सोनवा क्षेत्र के लक्ष्मननगर-गिलौला मार्ग पर सोमवार देर शाम परानपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ठेले से टकरा गई। घटना में ठेला लेकर घर लौट रहे सोनवा क्षेत्र के चिचड़ी गांव निवासी महेश कुमार सोनी व बाइक सवार क्षेत्र के ही ग्राम गिलौली निवासी अमित कुमार (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिनगा ले जाया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है।