इकौना (श्रावस्ती)। कोटवा गांव में खेत की सिंचाई कर रहे भाई पर बुधवार को दूसरे भाई ने साथियों संग मिल कर हमला कर दिया। युवक की चीख पुकार पर पहुंचे ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद उसकी जान बची। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस ने मामला दर्ज कर घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे भिनगा रेफर कर दिया गया।
इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम कोटवा निवासी बृजेश कुमार शुक्ला, बाबूराम शुक्ला व अशोक कुमार पुत्र फौजदार शुक्ला सगे भाई हैं। जो इकौना बाईपास पर घर बनाकर परिवार सहित रहते हैं। बृजेश कुमार शुक्ला ग्राम कोटवा स्थित अपने खेत में गेहूं की फसल की सिंचाई करने गया था। जहां अपने साथियों के साथ पहुंचे उसके भाई अशोक कुमार ने खेत की सिंचाई करने से मना किया।
इस दौरान बात इतनी बढ़ी कि अशोक कुमार व उसके साथियों ने अभद्रता करते हुए बृजेश को गालियां देते हुए पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान बृजेश की चीख पुकार पर आसपास के खेत में काम कर रहे ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद उसकी जान बची। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस ने घायल बृजेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया।
जहां से चिकित्सक ने उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। घायल के भतीजे आलोक कुमार शुक्ला पुत्र बाबूराम की तहरीर पर इकौना पुलिस ने अशोक कुमार शुक्ला, धर्मेंद्र कुमार पुत्र अशोक कुमार सहित तीन अन्य नामजद व आठ अज्ञात के विरुद्ध मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।