जिला अस्पताल में बने रैन बसेरे का निरीक्षण करतीं ईओ। -स्रोत : विभाग
श्रावस्ती। ठंड से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार को नगर पालिका भिनगा व नगर पंचायत इकौना में रैन बसेरों का संचालन शुरू कर दिया गया। जिला प्रशासन ने अलाव के लिए 115 स्थान चिह्नित किए हैं।
डीएम अश्विनी पांडेय ने बताया कि नगर पालिका परिषद भिनगा में 52, नगर पंचायत इकौना में 14, भिनगा तहसील क्षेत्र में 18, इकौना तहसील क्षेत्र में 16 व जमुनहा तहसील क्षेत्र में 15 स्थान अलाव जलाने के लिए चिह्नित किए गए हैं। इसके साथ ही संयुक्त जिला अस्पताल भिनगा में 50 बेड के स्थायी रैन बसेरे व नगर पंचायत इकौना में उपाध्याय तालाब के पास पानी टंकी के नीचे 10 बेड के रैन बसेरे का संचालन शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि वैज्ञानिकों की ओर से इस बार अधिक ठंड पड़ने की बात कही जा रही है, ऐसे में सभी लोग बचाव का ध्यान रखें और रैन बसेरे व अलाव की मदद लें। डीएम के निर्देश पर ईओ भिनगा अनीता शुक्ला ने शनिवार को रैन बसेरे की सुविधाओं का जायजा लिया।
ईओ ने बताया कि किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए उनके मोबाइल नंबर 8189078350 व केयर टेकर मथुरा पाठक के मोबाइल नंबर 6387728185 पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 1077 व 8545092198 पर भी संपर्क किया जा सकता है।