जमुनहा (श्रावस्ती)। पटपरगंज निवासी एक विवाहिता शुक्रवार भोर अपने बिस्तर से नदारद थी। बच्चों ने उसकी तलाश शुरू की तो महिला का शव घर के पीछे लगे अमरूद के पेड़ में फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंचे मायके वालों की तहरीर पर मल्हीपुर पुलिस ने शव का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
बहराइच के थाना दरगाह के इमामगंज निवासी मुजफ्फर हुसैन की पुत्री सलमा का विवाह 18 वर्ष पूर्व मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पटपरगंज निवासी बकरीदी पुत्र रहमतउल्ला के साथ हुआ था। गुरुवार को किसी बात को लेकर सलमा का अपने पति बकरीदी व जेठ फारूख से विवाद हुआ था। इसके बाद बकरीदी ने सलमा की पिटाई कर दी।
देर रात सलमा बच्चों के साथ घर में सो रही थी। सुबह जगे बच्चों ने देखा कि सलमा बिस्तर से नदारद है। इस पर उसकी तीन बेटियों व दो बेटों ने आसपास तलाश शुरू की तो देखा कि सलमा का शव घर के पीछे लगे अमरूद के पेड़ में रस्सी के सहारे लटक रहा है। बच्चों के रोने की आवाज पर पहुंचे परिवारीजनों ने शव को फंदे से उतार करा।
वहीं इसकी सूचना मृतका की बेटियों ने मामा मोहम्मद एजाज को दी। मौक पर पहुंचे मृतका के भाई ने ससुरालीजनों पर बहन की हत्या कर लाश को फंदे से लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर दद्दन सिंह ने बताया कि हल्का दरोगा अमित सिंह को मौके पर भेज कर जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।