श्रावस्ती। भिनगा जंगल स्थित केन नाले में मंगलवार देर शाम एक वृद्धा का शव उतराता दिखा। कोतवाली भिनगा पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। सिरसिया क्षेत्र की ग्राम पंचायत तेंदुआ रतनपुर के मजरा गोपीपुरवा निवासी सईद अहमद ने वृद्धा की पहचान अपनी मां खुदरी (90) के रूप में की।
सईद अहमद ने बताया कि उनकी मां खुदरी आठ अक्तूबर को बकरी चराने के लिए जंगल जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। शाम को बकरियां तो वापस आ गईं, लेकिन वह नहीं लौटीं। तब से उनकी तलाश की जा रही थी, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका।
कोतवाल राजकुमार सरोज ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। सिरसिया थाना प्रभारी शैलकांत उपाध्याय ने बताया कि महिला के लापता होने की जानकारी उन्हें नहीं दी गई थी।