वीरपुर। ग्राम पंचायत लक्ष्मणपुर सेमरहनिया के मजरा सुखरामपुरवा निवासी राज मिस्त्री वीरेंद्र कुमार (45) का शव सोमवार सुबह नासिरगंज बाजार से लगभग दो किमी दूर भकला नाले में उतराता मिला। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया। वीरेंद्र की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पत्नी सुघरी देवी ने बताया कि वीरेंद्र शनिवार सुबह लगभग आठ बजे काम के सिलसिले में नासिरगंज जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन शाम तक नहीं लौटे। इसके बाद गांव व रिश्तेदारों के घर उनकी तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
शनिवार शाम से उनकी तलाश की जा रही थी, इसी दौरान भकला नाले में उनका शव उतराने की सूचना मिली। पत्नी ने बताया कि वीरेंद्र नाले के पास कैसे पहुंचे और उनकी मौत कैसे हुई, उन्हें उसकी जानकारी नहीं है।
बताते चलें कि वीरेंद्र का विवाह 25 साल पहले हुआ था, उनके कोई संतान नहीं है। वह दो भाइयों में बड़े थे और राज मिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनका छोटा भाई मुंबई में मजदूरी करता है। थाना प्रभारी अंकुर वर्मा ने बताया कि फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर जांच की गई। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा।