परसियापुरवा में घटना स्थल पर जुटी भीड़।
श्रावस्ती। सिरसिया क्षेत्र के ग्राम परसिया के निकट शुक्रवार को एक बाग में महिला का शव आम के पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम प्रतापबली पुरवा निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि उनके भाई घनश्याम गांव के बाहर घर बनाकर रहते हैं और कुछ दिन पहले ही काम करने के लिए दूसरे प्रदेश गए हैं। उनकी पत्नी सुशीला देवी (29) घर पर अपनी पुत्री ज्योति (6) और आकृति (1) के साथ रहती थी। शुक्रवार को सुशीला शौच के लिए घर से बाहर खेत की ओर गई थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर बेटी ज्योति गांव में रह रहे बड़े पिता के घर पहुंची और मां के नहीं लौटने की जानकारी दी।
इसके बाद परिजनों ने तलाश शुरू की तो परसिया गांव के निकट बाग में आम के पेड़ से महिला का शव लटका मिला। परिजनों ने शव की पहचान सुशीला देवी के रूप में की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।