इमलिया गांव में घटनास्थल का निरीक्षण करते सीओ व थानाध्यक्ष।
गिरंट बाजार। हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र की ग्राम पंचायत इमलिया निवासी मां-बेटी के शव सोमवार दोपहर संदिग्ध हालात में गांव के पास स्थित तालाब में उतराते मिले। मां-बेटी रविवार रात करीब 12 बजे से घर से लापता थीं और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। पुलिस ने जांच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इमलिया निवासी सबीना (35) रविवार की रात लगभग 12 बजे अपनी छह माह की बेटी सुहीना के साथ कहीं चली गई थीं। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इस दौरान सोमवार की दोपहर सबीना व उनकी बेटी का शव गांव के पास ही तालाब में उतराता मिला। शव मिलने की सूचना से मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शवों को तालाब से बाहर निकलवाया। थाना प्रभारी महिमानाथ उपाध्याय ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। सीओ भरत पासवान भी गांव पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली।
आत्महत्या व हत्या दोनों की चर्चाएं
मां-बेटी के शव मिलने के बाद से गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है। कुछ ग्रामीण जहां घरेलू कलह के चलते सबीना द्वारा बेटी के साथ तालाब में छलांग लगाकर आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं। वहीं कुछ ग्रामीण मां-बेटी की मौत को संदिग्ध बता रहे हैं और देर रात में हत्या कर शव फेंके जाने की चर्चा कर रहे हैं।
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
सोनवा की ग्राम पंचायत चंदरखाबुजुर्ग के मजरा झोझीपुरवा निवासी सबीना का निकाह लगभग 15 वर्ष पूर्व इमलिया निवासी इस्राइल के साथ हुआ था। निकाह के बाद उनके पांच बच्चे कोहिनूर (9), सुहाना(7), सहनूर (5), सहाना (03) और छह माह की सुहीना थे। सबीना व छह माह की सुहीना की मौत के बाद चार बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।
मौके पर फोरेंसिक टीम के साथ जांच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट में मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। परिजन महिला के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने व पांच साल से इलाज चलने की बात कह रहे हैं। हर पहलू की जांच की जा रही है। - भरत पासवान, सीओ भिनगा