ऐ मोहब्बत तेरे अंजाम पे रोना आया...., किसी शायर की यह पंक्तियां श्रावस्ती की इस खबर पर सही साबित हो रही हैं। यहां प्रेमी युगल साथ जीने मरने की कसमें खाकर छह दिन पहले घर से चले तो गए लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अब दोनों की लाशें मिली हैं।
यूपी के श्रावस्ती में घर से लापता प्रेमी युगलों के शव शनिवार को कुएं में उतराते मिले। लोगों ने देखा तो भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। घरवालों और ग्रामीणों से बात करके जानकारी ली। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
विज्ञापन
घटना सोनवा थाना क्षेत्र के मोहरानिया गांव की है। गांव निवासी मनीष श्रीवास्तव के खेत में कुआं बना है। इसमें शनिवार को रिंकू (19) तथा सुमन (15) के शव उतराते मिले। लोगों ने देखा तो इसकी सूचना गांव वालों को दी।
पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाया
खबर फैली तो देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई। घरवाले भी रोते बिलखते पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करके जानकारी जुटाई। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शवों को बाहर निकलवाया।
थाने में केस दर्ज कराया था
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों 26 दिसंबर से घर से लापता थे। घरवाले दोनों की तलाश कर रहे थे। किशोरी के पिता ने 28 दिसंबर को थाने में केस दर्ज कराया था। अब लाशें मिलने के बाद घरों में चीख पुकार मची है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।