श्रावस्ती। गोबर धन योजना के अंतर्गत इकौना के टंडवा महंत पंचायत में सामुदायिक बायोगैस प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। इससे प्रतिदिन 45 घन मीटर गैस का उत्पाद होगा। इसके लिए गौशालाओं के साथ ही गांवों से निकलने वाले गोबर का उपयोग किया जाएगा। इस प्लाट पर 24 लाख रूपए खर्च किया जा रहा है।
गांवों को गैस व बिजली क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए गांव के ही उत्सर्जित पदार्थ से बिजली व गैस बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए इकौना के टंडवा महंत पंचायत में जिले का पहला बायोगैस प्लांट स्थापित किया जा रहा है। निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इस प्लांट के निर्माण पर चौबीस लाख रुपये खर्च किया जा रहा है। इस प्लांट के निर्माण के बाद प्रतिदिन गांव को 45 घन मीटर गैस मिलेगा। इसका उपयोग बिजली उत्पादन के लिए भी किया जा सकेगा।
इस संबंध में और अधिक जानकारी देते हुए स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक राज कुमार त्रिपाठी बताते है कि गैस उत्पादन के लिए प्रयोग होने वाले कच्चे माल के लिए गौशाला के साथ साथ ग्राम पंचायत से निकलने वाले पशु गोबर व अन्य मलबे को उपयोग किया जाएगा। इस प्लांट के सफल होने पर अन्य पंचायतों में भी इसका निर्माण किया जा सकता है। इस प्लांट का उद्देश्य गांव के कचरे से ही गांव के लिए गैस व बिजली का उत्पाद करना है।