यूपी के श्रावस्ती में रविवार देर रात सिरसिया तुलसीपुर मार्ग पर डगमरा नाले के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। जबकि ट्रक में फंस कर बाइक करीब 50 मीटर तक घिसटती रही। मौके पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दत्तनगर निवासी वीरेंद्र कुमार सरोज (30) रविवार को बलरामपुर के तुलसीपुर में बरात में शामिल होने बाइक से जा रहा था। जैसे ही वीरेंद्र सिरसिया थाना क्षेत्र के डगमरा नाला पुल के निकट पहुंचा। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे वीरेंद्र मार्ग पर गिर गया। जिसे ट्रक रौंदते हुए आगे निकल गया।
इस दौरान बाइक ट्रक में ही फंस कर करीब 50 मीटर तक घिसटती रही। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से भागने में सफल रहा। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। क्षत विक्षत शव को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेजा। मृतक के पिता त्रिवेणी प्रसाद सरोज की तहरीर पर सिरसिया पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।