कटरा (श्रावस्ती)। धनुही चौकी तिराहे के पास बृहस्पतिवार शाम साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर मार्ग पर गिर गया। इसमें छह वर्षीय बच्ची के साथ ही तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तीनों को सीएचसी इकौना पहुंचाया। जहां से तीनों को बहराइच रेफर किया गया है।
बहराइच जिले के थाना विशेश्वरगंज के ग्राम कतिकन पुरवा निवासी नंदकुमार (50) पुत्र श्रीराम अपनी पत्नी भागदेई (45) को लेकर बाइक से रिश्तेदारी में गए थे। इस दौरान उनके साथ उनकी नातिन चांदनी (6) भी थी। लौटते समय जैसे ही नंद कुमार धनुही तिराहे के निकट पहुंचे। सामने से एक व्यक्ति साइकिल लेकर आ गया।
नंदकुमार साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर मार्ग पर गिर पड़ा। जिसमें नंदकिशोर, भागदेई व चांदनी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं साइकिल सवार मौके से भाग निकला। आसपास मौजूद लोगों ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। जहां घायलों की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने तीनों को जिला चिकित्सालय बहराइच रेफर कर दिया। (संवाद)