श्रावस्ती। सावन मास इस बार सोमवार से प्रारंभ हुआ। ऐसे में सावन के पहले सोमवार को देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक करने के लिए सिरसिया के विभूतिनाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों में शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए भोलेनाथ का जलाभिषेक कर आशीर्वाद मांगा। इस दौरान हर-हर महादेव के उद्घोष से शिवालय गूंजायमान रहे।
श्रावण मास के पहला दिन सोमवार होने के कारण जिले भर के शिवालयों में भक्त उमड़े। शिवभक्तों की आस्था कोरोना संक्रमण पर भारी दिखी। श्रद्धालु सिरसिया के सोहेलवा जंगल स्थित पांडव कालीन विभूतिनाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों पर पहुंचे।
सभी ने मास्क लगाकर सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन किया। एक बार में पांच से अधिक लोगों को मंदिर परिसर में घुसने नहीं दिया गया। ऐसे में लोग चिलचिलाती धूप व उमस भरी गर्मी में मौसम की परवाह किए बिना जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध हो अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
सुबह-सुबह शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान श्रद्धालु दिनभर कतारबद्ध देखे गए। लोगों ने मंदिर पहुंच कर देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक किया।
इसके साथ ही भिनगा नगर के राजर्षि काली मंदिर स्थित शिवालय, तीन शिवाला मंदिर, गिलौला के सदाशिव महादेव, झारखंडी महादेव, जमुनहा के जगपतीनाथ, इकौना के बेचूबाबा, कलेक्ट्रेट स्थित शिवाला शिवजी महराज सहित अन्य प्राचीन शिवालयों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य देव महादेव का जलाभिषेक किया।
श्रद्धालुओं द्वारा अपने आराध्य बाबा भोलेनाथ को दूध, गंगाजल, शहद, रोली, चंदन, अक्षत, बेलपत्र, मदार, धतूर, गांजा, बेर, गन्ना, शमीपत्र, गुड़, भस्म, रोली आदि से जलाभिषेक कर सुख व समृद्धि की कामना की गई। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे।