श्रावस्ती। भिनगा क्षेत्र के मनिकापुर निवासी युवक के साथ गाली-गलौज व अभद्रता के आरोप में एसपी राहुल भाटी ने भंगहा चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह को निलंबित कर दिया। एसपी राहुल भाटी ने बताया कि कोतवाली भिनगा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मनिकापुर निवासी पुत्तूलाल ने बुधवार को शिकायती पत्र दिया था। शिकायती पत्र में पुत्तूलाल ने आरोप लगाया कि भंगहा चौकी प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने बुधवार की रात उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की। युवक की शिकायत पर जांच करवाने पर शिकायत सही मिली। उपनिरीक्षक अमित प्रताप सिंह का यह कृत्य पदीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही व अनियमितता है। साथ ही उक्त कृत्य पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली एवं छवि को प्रभावित करने वाला है। जिस पर चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय जांच शुरू करवाई है, ताकि प्रकरण के सभी तथ्यों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित हो सके।