श्रावस्ती। इकौना तहसील का शनिवार को डीएम अश्विनी कुमार पांडेय ने निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखागार में बस्तों के रख-रखाव को देखा। साथ ही परिसर में सफाई व्यवस्था बेहतर रखने का निर्देश भी दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने एसडीएम न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय, लेखपाल कक्ष, रजिस्ट्रार कानूनगो कक्ष व अभिलेखागार आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में फाइलों को व्यवस्थित ढंग से रखने का निर्देश दिया। नजारत में राजस्व मामलों की फाइलों के रखरखाव को भी देखा।
इसके साथ ही उन्होंने मामलों को निर्धारित समय सीमा में निस्तारित करने के लिए जिम्मेदारों को निर्देश भी दिए। आय व व्यय पंजिका, शिकायत पंजिका, डाक टिकटों का लेखा तथा तामीला पंजिका आदि की जांच भी की।
डीएम ने कहा कि तहसील परिसर में आने वाले फरियादियों के लिए पेयजल, छाया व बैठने की पर्याप्त व्यवस्था करें, जिससे किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े। कहा कि बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर वसूली में तेजी लाएं। इस मौके पर एसडीएम इकौना पीयूष जायसवाल सहित अन्य मौजूद रहे।