श्रावस्ती। भिनगा नगर में शनिवार को एक ब्यूटी पार्लर संचालिका कोरोना संक्रमित पाई गई। इसके बाद उसे लेवल वन हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। इस के साथ ही भिनगा में अब तक पांच लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इसमें से तीन लोग एक ही क्षेत्र के है, जबकि दो अलग अलग मोहल्ले के है।
जिले में प्रवासियों के साथ ही अब स्थानीय लोग भी कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। भिनगा नगर में अब तक पांच लोग कोरोना संक्रमित पाए जा चुके है। शनिवार को भिनगा नगर के व्यासभवन के निकट एक महिला कोरोना संक्रमित पाई गई। महिला अपने घर में ही ब्यूटी पार्लर संचालित करती थी।
तीन जुलाई को महिला का संयुक्त जिला चिकित्सालय में सैंपल लिया गया था। शनिवार को आई रिपोर्ट में वह कोरोना संक्रमित पाई गई। संक्रमण की पुष्टि होते ही महिला को लेवल वन चिकित्सालय भेजा गया है। वहीं पूरे क्षेत्र को फिर से सघन रूप से सीज कर दिया गया है। यह क्षेत्र पहले से ही कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया था।
इस संबंध में सीएमओ डॉ. एके भार्गव ने बताया कि भिनगा में शनिवार को एक महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है। उसे लेवल वन हॉस्पिटल भेजा गया है। यह क्षेत्र पहले से ही सीज था। इसकी अवधि पूरी होने वाली थी, लेकिन एक ही स्थान से दो संक्रमित पाए गए है। ऐसे में इस क्षेत्र में कोरोना प्रोटोकाल के तहत क्या किया जा सकता है, इसके बारे में विचार किया जा रहा है।