सीएचसी इकौना में भर्ती पिटाई में घायल मदन मोहन
इकौना (श्रावस्ती)। पूर्विहवापुरवा गांव में खेत में लगी धान की फसल जबरन काटने का विरोध करने पर पीटने का मामला सामने आया है। गांव निवासी अजय कुमार शुक्ला उर्फ मुरखैली ने कुछ लोगों पर उनके भाई और भतीजे पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। हमले में भाई मदन मोहन शुक्ला का हाथ टूट गया, जबकि भतीजे संजय कुमार को भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल मदन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अजय कुमार शुक्ला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार को 20 से 25 नकाबपोश लोग उनके खेत में घुसकर जबरन धान की फसल काट रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर उनके भाई मदन मोहन शुक्ला और भतीजा संजय कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों ने फसल काटने का विरोध करते हुए इसका कारण पूछा। आरोप है कि इस पर विपक्षियों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे मदन का हाथ टूट गया और संजय को गंभीर चोटें आईं।
अजय ने आरोप लगाया कि हमलावर भतीजे के 50 हजार रुपये और सोने की चेन भी छीन ले गए। उन्होंने अंधरपुरवा निवासी मनीष पाठक पर फायरिंग करने का आरोप भी लगाया है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी परमानंद तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की।
फसल काटने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई है। पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है। जल्द सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
भरत पासवान, सीओ