जवाहर नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों को जानकारी देते परामर्शदाता। - स्रोत: विद्यालय
श्रावस्ती। जवाहर नवोदय विद्यालय सम्हारपुरवा में बृहस्वातिवार को कॅरिअर काउंसिलिंग व स्ट्रेस मैनेजमेंट विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न तरह के कॅरिअर व उनसे संबंधित विषय, योग्यता और प्रवेश परीक्षा की जानकारी दी गई।
वरिष्ठ परामर्शदाता जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों को डिजिटल के साथ ही फिजिकल होना भी आवश्यक है। लक्ष्य निर्धारित कर किया गया प्रयास सदैव सफल होता है। उन्होंने कहा कि सतत अभ्यास, समय प्रबंधन, संतुलित आहार, बेहतर स्वास्थ्य, आलस का त्याग और अच्छे साथियों के सहयोग से हम किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते है।
उन्होंने आगे बताया कि किसी भी कॅरिअर की तैयारी करते समय प्रामाणिक पुस्तकों से ही पढ़ें तथा शार्ट नोट्स अवश्य तैयार करें, जिससे कम समय में सभी विषयों को दोहराने में आसानी हो।
उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन से दूरी बनाएं, बैठ कर ही पढ़ें। लेटकर पढ़ने की आदत छोड़ दें। साथ ही अपनी दिनचर्या में योग, ध्यान व आउट डोर गेम को अवश्य शामिल करें। इस मौके पर प्रभारी प्राचार्य विजय बहादुर पटेल, बीरेंद्र बाजपेयी, दीनदयाल, यतेंद्र सिंह व एसटीएस सुनील पटेल सहित अन्य मौजूद रहे।