श्रावस्ती। जिले में बैंक कर्मियों की तीन दिवसीय हड़ताल के चलते उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए रविवार को सभी बैंक शाखाएं सामान्य रूप से खुली रहेंगी। इस दौरान अन्य दिनों की तरह बैंकिंग कार्य और लेनदेन किया जा सकेगा।
जिले में सरकारी और निजी बैंकों की कुल 87 शाखाएं संचालित हैं। 28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारी मांगों के समर्थन में कलमबंद हड़ताल पर रहेंगे। इससे इन तीन दिनों में उपभोक्ताओं को जमा-निकासी समेत अन्य बैंकिंग कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
एलडीएम जुगल किशोर ने बताया कि बैंक कर्मचारी लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। वर्ष 2012 में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन की ओर से सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग सुविधा लागू करने का आश्वासन दिया गया था।
इसके अलावा वेतन विसंगति और पीएलआई में विसंगति दूर करने की भी मांग है। इन्हीं मांगों को लेकर कर्मचारी तीन दिन हड़ताल करेंगे।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे हड़ताल के दौरान होने वाली असुविधा से बचने के लिए रविवार को ही जमा-निकासी सहित जरूरी बैंकिंग कार्य पूरे कर लें।