श्रावस्ती। ईद-उल अजहा का पर्व बुधवार को मनाया गया। इस मौके पर जिले के विभिन्न मस्जिदों में पांच पांच अकीदतमंदों ने नमाज अदा कर कोरोना के खात्मे के साथ अमन चैन कायम रहने की दुआ मांगी। कोरोना प्रोटोकाल को देखते हुए अन्य लोगों ने अपने घरों में बकरीद की नमाज अता की।
मुस्लिम समुदाय का प्रमुख पर्व ईद-उल-अजहा बुधवार को समूचे जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। भिनगा सहित जिले के अन्य ईदगाहों में कोरोना प्रोटोकाल का अनुपालन करते हुए पांच लोगो ने ईद-उल-अजहा की नमाज अता की। इस दौरान पुलिस व प्रशासन ने कोरोना प्रोटोकाल का अनुपालन कराने के लिए व्यापक सुरक्षा के इंतजाम किए थे।
प्रशासन की अपील पर अकीदतमंदों ने मसजिदों में नमाज न पढ़कर परिवार के साथ घरों में ईद-उल-अजहा की नमाज पढ़ने के बाद फोन पर ही एक दूसरे को बकरीद की बधाई देकर शुभकामना भी दी। इसके बाद कुर्बानियों का दौर शुरू हुआ जो गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
ईद-उल-अजहा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने भिनगा नगर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर ईदगाह, मस्जिद के इमाम से वार्ता की।
साथ ही कोरोना वायरस से सुरक्षा व बचाव हेतु सामाजिक दूरी का पालन करने मास्क, ग्लब्स का प्रयोग करनें, किसी भी प्रकार की भीड़-भाड़ एकत्र न करने, शासन द्वारा बनाये गये नियमों का पालन करने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने के निर्देश दिया। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे ने सोनवा व मल्हीपुर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।