श्रावस्ती। डायल 112 सेवाओं के बारे में जागरूक करने के लिए पुलिस की ओर से अभिनव प्रयोग किया गया है। विभाग की ओर से स्थापित यूपी 112 स्टाल व सेल्फी प्वाइंट का शनिवार को एसपी ने शुभारंभ किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने कहा कि आपात स्थिति में लोगों की मदद के लिए जिला पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। लोग 112 पर कॉल कर पुलिस की मदद ले सकते हैं। जागरूक करने के लिए यूपी 112 स्टॉल व सेल्फी प्वाइंट स्थापित किया गया है। 112 के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार यादव ने कहा कि रोडवेज बस अड्डा भिनगा व मोहिनीपुर तिराहा इकौना में यूपी 112 स्टॉल व सेल्फी प्वाइंट स्थापित किया गया है।
यहां यूपी 112 की विभिन्न सेवाओं जैसे आपातकालीन पुलिस सहायता, महिलाओं की सहायता, बच्चों-बुजुर्गों की सहायता आदि विभिन्न प्रकार की सेवाओं की जानकारी देने के लिए कर्मियों को निर्देशित किया गया है। क्षेत्राधिकारी, नगर अतुल कुमार चौबे ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाई। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक भिनगा जितेंद्र कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक 112 सुधीर सिंह, उपनिरीक्षक सदगुरु मिश्रा, मुख्य आरक्षी संजय सिंह, महिला आरक्षी उर्वशी चौरसिया, मोनी शर्मा आदि मौजूद रहीं। संवाद