तुलसीपुर (श्रावस्ती)। लोनियनपुरवा में चिकन की गुणवत्ता को लेकर ग्राहक व दुकानदार के बीच विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि दुकानदार ने चाकू निकालकर ग्राहक पर हमला कर दिया जिससे व गंभीर रूप से जख्मी हो गया। चाकू लगने से दुकानदार को भी हाथ में चोट आई है। पुलिस ने दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है।
मल्हीपुर थाना थाना क्षेत्र के गिरंट बाजार निवासी इमाम (34) सोमवार को सोनवा थाना क्षेत्र के चंद्रखा बुजुर्ग के लोनियनपुरवा गांव निवासी ताहिर के घर आया था। गांव के पास मंगलवार को साप्ताहिक बाजार लगा था। इमाम भी खरीदारी के लिए बाजार पहुंच गया। यहां बहराइच के दरगाह निवासी जाबिर (36) ने चिकन की दुकान लगा रखी थी। इमाम चिकन लेने दुकान पर पहुंचा और चिकन मांगा। जाबिर ने निर्धारित मूल्य लेकर चिकन दे दिया। इमाम को चिकन पसंद नहीं आया तो उसने आपत्ति जताई।
इसी को लेकर दोनों में बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि जाबिर ने चाकू से इमाम पर हमला कर दिया। उसकी कमर व सिर में चाकू लगा जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जाबिर के हाथ में भी चाकू लगने से जख्म हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक सोनवा सुरेंद्र कुमार शर्मा ने उसे एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय, बहराइच भिजवाया। वहीं, जाबिर को गिरफ्तार कर लिया है।