गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला के तिलकपुर में मंगलवार को परिवहन निगम की बस से उतर रही एक महिला का पैर फिसल जाने से वह नीचे गिर कर घायल हो गयी। गंभीर अवस्था में घायल महिला को सीएचसी गिलौला ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
बलरामपुर नगर के मोहल्ला खलवा निवासी छोटकऊ ने अपनी पुत्री रोली (35) का विवाह भिनगा नगर के मोहल्ला तिलकनगर निवासी गोल्डू से किया था। कुछ दिन पूर्व रोली अपने मायके मोहल्ला खलवा गई थी। जहां से मंगलवार को वह वापस अपनी ससुराल आ रही थी। रोली का ननिहाल गिलौला के लोधन पुरवा निवासी राम आधार के यहां है। जैसे ही परिवहन निगम की बस तिलकपुर मोड़ पहुंची। रोली ननिहाल जान के लिए तिलकपुर मोड़ पर बस से नीचे उतरने लगी। इस दौरान बस के चल जाने से अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सिर के बल सड़क पर गिर कर घायल हो गयी। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से गंभीर घायल रोली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने लाश का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।