श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य बुधवार को भिनगा पहुंचीं। उन्होंने संयुक्त जिला चिकित्सालय, सीएचसी, पीएचसी व महिला थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला थाना परिसर में पौध रोपण किया।
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य कुमुद श्रीवास्तव बुधवार को भिनगा पहुंचीं। जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसएनसीयू वार्ड, जच्चा-बच्चा वार्ड, महिला वार्ड, लेबर रूम सहित अन्य वार्डों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जेता सिंह को अस्पताल में कोविड-19 नियमों का पालन कराने, गर्भवती महिलाओं का खानपान, दवा-इलाज, टीकाकरण आदि में विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने कैंपस में बनी नालियों पर लोहे के जाल रखवाने को कहा। साथ ही उन्होंने अस्पताल में आई मरीज ममता देवी, कृष्णा देवी व उनके तीमारदार से मिलकर हाल जाना। इसके बाद उन्होंने सीएचसी भिनगा, सिरसिया, भंगहा, सोनवा व पीएचसी हरिहरपुररानी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी अधीक्षकों को जच्चा-बच्चा वार्डों में सफाई सहित अन्य सुविधा के लिए निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने महिला थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद पीड़ित महिलाओं की समस्या को सुना। साथ ही महिला थाना प्रभारी विनीता चतुर्वेदी को निर्देशित किया कि पीड़ितों को समस्या को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों को बुलाकर निस्तारण शीघ्र कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इस दौरान उन्होंने महिला थाना परिसर में वृक्षारोपण किया। इस मौके पर उपजिलाधिकारी शिवध्यान पांडे, जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहन त्रिपाठी, सहायक मलेरिया अधिकारी मंजूषा गुप्ता, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी रामचंद्र मौर्य, मुख्य आरक्षी चांदनी श्रीवास्तव, महिला आरक्षी संजू, गरिमा सिंह व प्रतिभा अवस्थी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।