भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद लोग। - स्रोत: पार्टी
श्रावस्ती। भाजपा कार्यालय पर शनिवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर संगोष्ठी व पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभी ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके कार्यों को याद किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विजय बहादुर पाठक ने कहा कि बाबा साहब ने मानव अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने पूरे देश में समरसता का पाठ पढ़ाया। बाबा साहब के सपनों को पूरा करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं।
एलएलसी पदमसेन चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने ही 1990 में डॉ. आंबेडकर को भारत रत्न देकर सम्मान दिया। डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने कहा कि डॉ आंबेडकर विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक थे। उन्होंने दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यक, महिलाओं की शिक्षा और अधिकार की बराबरी के लिए आंदोलन किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने कहा कि बाबा साहब ने जीवन भर जाति, सामाजिक अन्याय को समाज से मिटाने के लिए काम किया। विधायक रामफेरन पांडेय ने कहा कि बाबा साहब के आदर्शों और मूल्यों को केंद्र में रखकर भाजपा सरकार कार्य कर रही है।
संगोष्ठी की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. मिश्रीलाल वर्मा व अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष प्रवेश आर्य ने की। संगोष्ठी में क्षेत्रीय मंत्री विनोद पटेल, पुरुषोत्तम कौशल, उदय प्रकाश त्रिपाठी, सुभाष सत्या, संजू तिवारी व अरुण पांडेय आदि मौजूद रहे।