श्रावस्ती। डीपीआरसी सभागार भिनगा में शनिवार को देहात इंडिया की ओर से जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें बालश्रम उन्मूलन व बाल तस्करी पर चर्चा की गई।
सहायक श्रमायुक्त सतपाल ने कहा कि बालश्रम व बाल तस्करी जैसी घटनाएं अक्सर संज्ञान में आती है। इस तरह के अपराधों पर रोक लगाने के लिए अभिभावकों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। साथ ही कम उम्र के बच्चों से मजदूरी कतई न कराएं।
एएचटीयू प्रभारी लाल साहब सिंह ने कहा कि मानव तस्करी को रोकने के लिए विभाग की ओर से कड़ी निगरानी की जा रही है। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि बच्चों के साथ संवेदनशील व्यवहार करें। साथ ही अभिभावक बच्चों की बातों को भी गंभीरता से सुनें और उनकी भावनाओं को समझने का प्रयास करें।
इसी क्रम में मोहम्मद इमरान, एसएसबी के राहुल कुमार, मिथिलेश सिंह, कुसुम श्रीवास्तव सहित अन्य विभागीय कर्मी मौजूद रहे।