इकौना (श्रावस्ती)। छोटी बहन के साथ मंगलवार को भैंस चराने गई बालिका के साथ एक युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने बालिका की छोटी बहन को मारपीट कर भगा दिया। बहन की सूचना पर ग्रामीणों को मौके पर आता देख आरोपी भाग निकला। बालिका की मां की तहरीर पर इकौना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इकौना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नौ वर्षीय बालिका अपनी छोटी बहन के साथ भैंस चराने गई थी। जहां शाम करीब पांच बजे पहुंचे गांव के ही एक युवक ने उसे रोक लिया। इस दौरान छोटी बहन को मारपीट कर मौके से भगा दिया। इसके बाद आरोपी ने बालिका को पास के खेत में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया।
इस दौरान घर पहुंची छोटी बहन की सूचना पर ग्रामीण खेत की ओर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख आरोपी मौके पर बालिका को छोड़ कर फरार हो गया। बालिका की मां ने इकौना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इकौना पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से युवक घर छोड़ कर फरार है।