प्राथमिक विद्यालय भिट्ठी में छात्र से सवाल हल कराती डीएम।
श्रावस्ती। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने मंगलवार को हरिहरपुररानी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भिट्ठी का निरीक्षण कर शिक्षा की गुणवत्ता परखी। निरीक्षण में शिक्षामित्र राधादेवी कई दिनों से अनुपस्थित मिलीं, जिस पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। छात्रों की उपस्थिति पंजिका में पंजीकृत विद्यार्थियों के सापेक्ष उपस्थिति कम पाई गई। उपस्थिति पंजिका और विफ्स पंजिका के मिलान में भी अंतर सामने आया। डीएम ने उपस्थित शिक्षक को फटकार लगाई और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बच्चों से ब्लैकबोर्ड पर जोड़ व घटाना के सवाल लगवाए। कक्षा चार के छात्र अमन ने सवाल सही हल किया, जिस पर डीएम ने उसकी पीठ थपथपाई। शौचालय की खराब स्थिति पर प्रधान शिक्षक को व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया गया।