श्रावस्ती। पुलिस कार्यालय सभागार में बुधवार शाम एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम ने व्यवसायियों के साथ मासिक बैठक की। एएसपी ने व्यवसायियों की समस्याएं सुनी।
व्यापारियों ने यातायात, सड़क, अतिक्रमण, टैक्सी व बस स्टैंड न होने तथा थाना तथा चौकियों पर निरंतर बैठक न होने जैसी समस्याओं की जानकारी दी। इस पर एएसपी ने भीड़-भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, कस्बों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने, बाजारों की सुरक्षा के लिए रात में पुलिस गश्त व पिकेट बढ़ाने, बैंक/एटीएम के आसपास निरंतर चेकिंग करने तथा थाना एवं चौकियों पर व्यापारी वर्ग की समस्याओं के निराकरण करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने व्यापारियों से गार्डों व चौकीदारों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने तथा बाल श्रम न कराने को कहा। साथ ही ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर व्यापारी दीनानाथ गुप्ता, राजेश कुमार रस्तोगी, सूफी सगीर अहमद, नसीब अली, विजेंद्र कुमार गुप्ता, असगर अली, अशोक यादव व हामिद मंसूरी आदि व्यापारी, यातायात प्रभारी मोहम्मद शमीम व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।