श्रावस्ती। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में सोमवार को हिंदी दिवस मनाया गया। एडीजे अमित कुमार प्रजापति ने कहा कि 14 सितंबर को पिछले 67 वर्षों से हिंदी दिवस मनाया जा रहा है। इसी दिन हिंदी को संवैधानिक रूप से भारत की आधिकारिक भाषा का दर्जा मिला था। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश राज से आजादी के बाद देशवासियों ने ऐसी भाषा का सपना देखा था, जिसके माध्यम से देशभर में वाद-संवाद हो सके। एडीजे ने अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों से दैनिक कार्यों के निष्पादन में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में प्राधिकरण की सचिव अनुप्रिया, सिविल जज अरविन्द कुमार मद्धेसिया, न्यायिक मजिस्ट्रेट दिलीप साहनी सहित अन्य मौजूद रहे।