श्रावस्ती। जिले के अंत्योदय कार्ड धारकों की इस बार होली की गुझिया की मिठास ज्यादा महसूस होगी। उन्हें जनवरी माह से अब तक की चीनी एक साथ मुहैया कराई जाएगी। इसका वितरण 18 मार्च के अंदर किया जाएगा। अंत्योदय कार्डधारकों को यह चीनी 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मुहैया कराई जाएगी।
इस बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी ने बताया कि जिले में कुल 23172 अंत्योदय कार्डधारक हैं। जिन्हें प्रति कार्ड एक किलोग्राम चीनी 18 रुपये की दर से वितरित की जाएगी। जनवरी, फरवरी एवं मार्च तीनों माह की चीनी उन्हें एक साथ प्रदान की जाएगी। जिसका वितरण पांच मार्च से 18 मार्च के मध्य किया जाएगा। इस चीनी का आवंटन मात्र अंत्योदय योजना के लाभार्थियों को ही मिल सकेगा। जबकि पात्र गृहस्थी कार्डधारकों के लिए चीनी का कोई भी आवंटन जारी नहीं किया गया है।
जिले में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 454 उचित दर दुकानें संचालित हैं। इनमें से विकास खंड गिलौला में 4668, इकौना में 5641, जमुनहा में 3031, सिरसिया में 5557, हरिहरपुररानी में 3895, नगर पालिका परिषद भिनगा में 281 तथा नगर पंचायत इकौना में 99 सहित कुल 23172 अंत्योदय कार्डधारक हैं। जिनको चीनी का वितरण कराया जाना है।
अंत्योदय लाभार्थियों को शत-प्रतिशत मात्रा एवं निर्धारित मूल्य के आधार पर चीनी वितरण किया जाना है। इस दौरान यदि उचित दर विक्रेता द्वारा चीनी के वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता बरती जाती है तो उसकी शिकायत संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक व अन्य उच्चाधिकारियों से की जा सकेगी। उचित दर विक्रेताओं द्वारा निर्धारित मात्रा से कम मात्रा की चीनी का वितरण तथा निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य वसूल नहीं किया जाएगा। ऐसा करने वाले कोटेदारों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनका लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।