श्रावस्ती। सिरसिया क्षेत्र के अतिरिक्त पीएचसी टिटिहिरिया का डीएम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सक ने स्टाफ का विवरण देने में आनाकानी की। वहीं एक चिकित्सक व दो स्टाफ नर्स हस्ताक्षर बनाकर स्वास्थ्य केंद्र से नदारद मिले, इस पर उनसे जवाब तलब किया गया है।
अतिरिक्त पीएचसी टिटिहिरिया का डीएम ओपी आर्य ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर डॉ. एके पाठक उपस्थित मिले। उनसे डीएम ने अस्पताल में तैनात चिकित्सक, पैरामेडिकल कर्मियों का विवरण देने को कहा तो वह आनाकानी करने लगे। डीएम की फटकार के बाद उपस्थित पंजिका दिखाई।
निरीक्षण में पता चला कि डॉ. गौरव नारायण, स्टाफ नर्स फारूख खान व लखन हस्ताक्षर बनाकर अस्पताल से नदारद हैं। वहीं फार्मासिस्ट रेहान को अस्पताल में आईं दवाओं एवं वितरण का लेखा जोखा न रखने तथा मुख्यालय में पैरासीटामाल होने के बाद भी न मंगवाने पर डीएम ने फटकार लगाई। उन्होंने लापरवाही पर उससे जवाब तलब किया है।
डीएम ने टेली मेडिसिन का काम देखकर रही वंदना मिश्रा से अस्पताल में आये मरीजों और इस कार्यक्रम से लाभान्वित मरीजों की संख्या पूछी। इस पर वह संतोष जनक जवाब नहीं दे पाई। इस पर भी नाराजगी जताते हुए डीएम ने एसे ढंग से कार्य करने की नसीहत दी है। डीएम ने सीएमओ, एसीएमओ व डिप्टी सीएमओ को निर्देश दिया कि वह क्षेत्र में चिकित्सीय व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें।