श्रावस्ती। जिले में चल रहे विकास कार्यों का सच जानने के लिए सीडीओ अनुभव सिंह ने गिलौला के प्राथमिक विद्यालय भारी गांव व गुजरवारा में बन रहे अन्नपूर्णा भवन का निरीक्षण किया। यहां भवन निर्माण कार्य बंद मिला। वहीं महज 25 प्रतिशत विद्यार्थी ही मौजूद मिले।
गिलौला के गुजरवारा पहुंचे सीडीओ अनुभव सिंह ने देखा कि बन रहे अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कार्य बंद है। सीडीओ ने नाराजगी जाहिर करते हुए बीडीओ गिलौला को 10 दिन में भवन की छत डलवाने,प्लास्टर, फर्श व रंगाई-पुताई करवाने का निर्देश दिया। वहीं प्राथमिक विद्यालय भारी गांव पहुंचे सीडीओ ने देखा कि विद्यालय में प्रधान शिक्षिका सीमा जायसवाल, निशा श्रीवास्तव व शिक्षामित्र मौजूद हैं। जबकि सहायक शिक्षिका ममता देवी, सीमा देवी व एक शिक्षामित्र की ड्यूटी बोर्ड परीक्षा में है। यहां दिव्यांग शौचालय भी नहीं था। विद्यालय में पहली से कक्षा पांच तक में पंजीकृत 80 में से महज 21 बच्चे ही मौजूद मिले। यहां बच्चों को दूध नही दिया जा रहा है। एमडीएम के तहत बच्चों को सिर्फ सब्जी-चावल दिया गया था। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने, उन्हें प्रत्येक सप्ताह दूध देने का भी निर्देश दिया। वहीं बीडीओ को दूध न देने पर संबंधित प्रधान शिक्षिका से स्पष्टीकरण लेने व बच्चों को आयरन की गोलियां वितरित करवाने का निर्देश दिया।