इकौना (श्रावस्ती)। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। जिस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन अब शहरी क्षेत्र में युद्ध स्तर पर थर्मल स्क्रीनिंग कराएगा। जिसमें अब कोरोना महामारी की जांच के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित स्वयंसेवकों का सहारा लिया जाएगा। इसके लिए शनिवार को इकौना तहसील कार्यालय में उन्हें प्रशिक्षण दिलाया गया। साथ ही उन्हें थर्मल स्क्रीनिंग की मशीन प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम इकौना राजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी से बगैर जन सहयोग के जीतना संभव नहीं है। इसलिए इस जंग में हम सभी को अपना योगदान देना होगा। तभी स्वयं व देश को इस बीमारी से बचाया जा सकता है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व स्वयं सेवकों का आवाहन किया कि वह इस राष्ट्रीय कार्य में बढ़ चढ़ कर सरकार की मदद करे।
इस कार्यशाला में सीएचसी इकौना के अधीक्षक डॉ. एके मिश्रा ने इकौना नगर क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व स्वयंसेवकों को थर्मल स्क्रीनिंग व आक्सीजन मापक यंत्र से लोगों के तापमान व ऑक्सीजन लेवल की जांच के तरीके बताए। मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को संबंधित मशीन देकर कोरोना को रोकने में पूर्ण योगदान करने को कहा गया।
इस दौरान मिश्रा सेवा अस्पताल के प्रबंधक की तरफ से सभी कार्यकत्रियों को मास्क, सैनिटाइजर व हेडकवर वितरित किया गया। इस दौरान इकौना नगर की सभी 26 आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकत्रियों सहित स्वयं सेवक मौजूद रहे।