इकौना। विधायक श्रावस्ती रामफेरन पांडेय की वीरपुर चौराहे पर विद्युत उपकेंद्र बनवाने की मांग पर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मुहर लगा दी है। उन्होंने उपकेंद्र की स्थापना के लिए उत्तर प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष को पत्र लिखा है।
उपकेंद्र स्थापित होने से श्रावस्ती के लालबोझी से मदारा तक लगभग दो दर्जन से अधिक गांवों को निर्बाध आपूर्ति मिलेगी। साथ ही बहराइच के विशेश्वरगंज विकासखंड की बालापुर न्याय पंचायत के एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को सीधा फायदा होगा।
वीरपुर क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों व विशेश्वरगंज विकासखंड के दर्जनों गांवों को वर्तमान में सीताद्वार विद्युत उपकेंद्र से आपूर्ति मिलती है। इन क्षेत्रों की दूरी सीताद्वार उपकेंद्र से अधिक होने के चलते अक्सर ट्रिपिंग और लोवोल्टेज की समस्या बनी रहती है। गर्मी के दिनों में 15 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित होती है।
ग्रामीणों की इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय प्रधानों ने विधायक श्रावस्ती रामफेरन पांडेय से वीरपुर क्षेत्र में विद्युत उपकेंद्र बनवाने की मांग की थी। विधायक ने शासन व ऊर्जा मंत्री से पत्राचार कर समस्या को प्रमुखता से उठाया था।
विधायक की मांग पर ऊर्जा मंत्री ने अपनी स्वीकृति दे दी है। ग्राम प्रधान नरपतपुर अरशद खान ने बताया की आए दिन दिन तार टूटने व ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाएं होती हैं, विद्युत उपकेंद्र बनने से इनका निस्तारण हो जाएगा। ग्राम बैदौरा मशरिक के प्रधान प्रतिनिधि सूर्या प्रकाश द्विवेदी ने बताया कि क्षेत्र की प्रमुख समस्या का अब समाधान हो जाएगा।
निर्बाध रूप से मिल सकेगी बिजली आपूर्ति
ऊर्जा मंत्री ने पॉवर कॉरपोरेशन को पत्र लिखकर जल्द से जल्द वीरपुर में विद्युत उपकेंद्र बनाने का निर्देश दिया है। इससे क्षेत्रीय लोगों को निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
-रामफेरन पांडेय, विधायक