श्रावस्ती। जिले में विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। इसी के तहत पोलिंग बूथों पर विशेष अभियान चलाया गया। बीते दिन जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम ने मौके पर पहुंच कर अभियान का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी व जिला मजिस्ट्रेट टीके शिबु ने बीते दिन सिरसिया के पोलिंग बूथ प्राथमिक विद्यालय परसोहना, प्राथमिक विद्यालय चैलाही व प्राथमिक विद्यालय गुलरा सहित कई अन्य बूथों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेबिल आफीसर द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। इसके साथ ही डीएम ने बीएलओ को बेहतर ढंग से कार्य करने की नसीहत भी दी ताकि मतदाता सूची बनाने में किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो।
जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पहली जनवरी 2021 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसके तहत 17 नवंबर को आलेख का प्रकाशन किया गया था। साथ ही 17 नवंबर से 15 दिसंबर तक दावे व आपत्तियां ली जा रही हैं ताकि किसी भी पात्र का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। इस दौरान उनके साथ कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।