श्रावस्ती। शांति देव कनक इंटर कॉलेज खरगैरा बस्ती में मंगलवार को जिलास्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के समापन पर विधायक रामफेरन पांडेय और जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं के क्रम में कबड्डी के विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले हुए। 19 वर्षीय बालक वर्ग में अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज भिनगा ने चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज को 25-20 से हराया। 17 वर्षीय बालक वर्ग में जगतजीत इंटर कॉलेज ने गौरी शंकर टंडन नेहरू इंटर कॉलेज को 12-9 से शिकस्त दी। 14 वर्षीय बालक वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय गोठवा ने शांति देव कनक इंटर कॉलेज को 25-22 से पराजित किया।
बालिका वर्ग के 19 वर्ष में जगतजीत इंटर कॉलेज ने शांति देव कनक इंटर कॉलेज को 24-18, जबकि 17 वर्ष में 18-12 से हराया। 14 वर्षीय बालिका वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय गोठवा ने चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज को 22-18 से मात दी। इस मौके पर जिला क्रीड़ा सचिव आशीष कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।